akhbaar update

रांझी में अवैध शराब के ठिकानों पर पुलिस की दबिश, 112 पेटी शराब जब्त

 




जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से बड़ी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने तीन जगहों पर दबिश देकर कुल 112 पेटी में 96 बोतल और 4450 पाव शराब बरामद की है। जब्त शराब की कीमत करीब 5 लाख 32 हजार 580 रुपये बताई गई है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक ने दिए कार्रवाई के निर्देश

पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थ और शराब के कारोबार में शामिल लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी और नगर पुलिस अधीक्षक सतीश कुमार साहू के मार्गदर्शन में रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया।

 सूचना पर तीन जगह दबिश

पुलिस के अनुसार 1 अक्टूबर को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि रवि उर्फ बल्लू पटवा ने गांधी व्यायामशाला क्षेत्र में अलग-अलग मकान किराये पर लेकर बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखी है। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद तीन टीमों को अलग-अलग स्थानों पर भेजा गया।

महेश यादव के मकान से मिली शराब

पहली टीम ने महेश यादव के कच्चे मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान एक कमरे से 47 कार्टून में 2350 पाव देशी शराब और 8 कार्टून में 96 बोतल 8 पीएम व्हिस्की बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक महेश यादव ने पूछताछ में बताया कि कमरा रवि उर्फ बल्लू पटवा ने शराब रखने के लिए 2 हजार रुपये महीने पर किराये पर लिया था। यहां से करीब 495 लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 50 हजार 660 रुपये बताई गई है।

दूसरे मकान से 2000 पाव देशी शराब बरामद

दूसरी टीम ने माया चौबे के मकान की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में कार्रवाई की। यहां 40 कार्टून में 2000 पाव देशी शराब रखी मिली। पुलिस के अनुसार मकान मालकिन ने बताया कि ऊपर का कमरा रवि उर्फ बल्लू पटवा ने 3 हजार रुपये महीने के किराये पर लिया था। बरामद शराब की कीमत करीब 1 लाख 84 हजार रुपये बताई गई है।

तीसरे मकान से भी शराब मिली

तीसरी टीम ने हेरी सवास्टीन के मकान में दबिश दी। यहां जॉनी एंथोनी मिला। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने बताया कि मकान को रवि उर्फ बल्लू पटवा ने 2 हजार रुपये महीने के किराये पर लिया था। तलाशी के दौरान 14 कार्टून में 700 पाव और एक कार्टून में 30 पाव बॉम्बे रम तथा 2 कार्टून में 100 पाव देशी शराब मिली। पुलिस ने यहां से कुल 730 पाव अंग्रेजी और 100 पाव देशी शराब जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 98 हजार 120 रुपये बताई गई है।

रवि उर्फ बल्लू पटवा की तलाश जारी

पुलिस ने महेश यादव और जॉनी एंथोनी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं रवि उर्फ बल्लू पटवा की तलाश की जा रही है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।



Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp