जबलपुर। नवरात्रि के दौरान दुर्गा उत्सव के नाम पर चंदा वसूली को लेकर सुपर मार्केट क्षेत्र के व्यापारियों ने कुछ लोगों पर दबाव बनाने और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। व्यापारियों का कहना है कि मनमाना चंदा नहीं देने पर उनके साथ अभद्रता की जा रही है। मामले की कुछ घटनाएं सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है।
व्यापारियों के मुताबिक, नया बाजार स्थित वेलकम फुटवेयर में चंदा लेने पहुंचे कुछ लोगों ने दुकान संचालक के बेटे सागर से विवाद किया। आरोप है कि उनसे 2,100 रुपये की रसीद काटने को कहा गया। सागर ने बताया कि उनके पिता शाम को आएंगे, तब चंदे की बात कर लेना। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और मारपीट व तोड़फोड़ किए जाने का आरोप है।
व्यापारियों का कहना है कि इसी तरह दुर्गा स्थल के पास दूसरी दुकान पर भी विवाद हुआ। वहां मौजूद व्यापारी राजकुमार के साथ कथित तौर पर अभद्रता की गई और चंदा देने के लिए दबाव बनाया गया। चंदा देने से इनकार करने पर धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
व्यापारियों ने इन घटनाओं से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के साथ लार्डगंज थाने में शिकायत दी है। उनका कहना है कि इससे पहले भी विवाद हो चुका है और शिकायत दर्ज कराई गई थी।
लार्डगंज थाना प्रभारी नवल सिंह आर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
