जबलपुर। मदन महल फ्लाईओवर की रोटरी पर शुक्रवार तड़के तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक गढ़ा फाटक स्थित जगदीश मंदिर के पास रहने वाला अमन केसरवानी (28) अपने दोस्तों निखिल बर्मन (22) और अंकित झारिया (17) के साथ स्कूटी से जा रहा था। तीनों मदन महल फ्लाईओवर की रोटरी के पास पहुंचे थे, तभी रॉन्ग साइड से आ रहे डंपर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिर गए। अमन को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं निखिल और अंकित घायल हो गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल ले जाया गया।
हादसे की सूचना मिलने पर गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करते हुए डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों की जानकारी जुटाई जा रही है।
