akhbaar update

पनागर और लार्डगंज में रात के समय दो स्कूटर लूटीं, बदमाशों ने चाकू दिखाकर बनाया निशाना

 


जबलपुर। पनागर और लार्डगंज थाना क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर बदमाशों ने स्कूटर सवार युवकों को रोककर उनके साथ मारपीट और धमकाने के बाद वाहन छीन लिया। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

मुढ़िया बाईपास पर युवक से नकदी और मोबाइल भी छीना

पनागर पुलिस के अनुसार रैपुरा निवासी आयुष वंशकार आरपीजी फैक्ट्री में काम करता है। एक अक्टूबर की रात वह अपने साथी देवरी निवासी अर्जुन केवट के साथ प्रेमसागर में रहने वाले अपने मामा आदर्श अरखेल के घर गया था। इसके बाद दोनों स्कूटर क्रमांक एमपी 20 जेडवाय 0880 से मार्बल सिटी गए और वहां से रैपुरा के लिए रवाना हुए।

रात करीब 1 से 2 बजे के बीच मुढ़िया बाईपास के पास बाइक सवार तीन से चार युवक उनके सामने आ गए। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें डराया और आयुष की जेब से 500 रुपये तथा मोबाइल निकाल लिया। इसके बाद उसकी स्कूटर भी छीन ली और सिहोरा की तरफ भाग गए। घटना के बाद आयुष ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

लार्डगंज में चाबी निकालकर स्कूटर लेकर भागे बदमाश

दूसरी घटना लार्डगंज थाना क्षेत्र में हुई। गंगासागर निवासी रितिक लोधी स्विगी इंस्टामार्ट में डिलीवरी ब्वॉय है। एक अक्टूबर की रात करीब 11:45 बजे आदि प्लाजा के सामने डिलीवरी पूरी करने के बाद वह स्कूटर क्रमांक एमपी 20 एक्सडी 3996 से गंगासागर लौट रहा था।

रितिक के मुताबिक नेचुरल जूस सेंटर के पास पीछे से बिना नंबर की स्कूटर पर सवार तीन युवक आए। इनमें से एक युवक ने चलते वाहन से उसकी स्कूटर की चाबी निकाल ली। रितिक के रुकते ही युवकों ने चाकू निकालकर उसे धमकाया। डर के कारण वह वहां से भागकर अंडे की दुकान के पास पहुंच गया। इसी दौरान आरोपी उसकी स्कूटर लेकर एमआर-4 रोड की तरफ निकल गए।

डिक्की में रखा मोबाइल और 4328 रुपये भी गए

रितिक ने पुलिस को बताया कि स्कूटर की डिक्की में उसका मोबाइल फोन और पर्स रखा था। पर्स में 4328 रुपये नकद थे। वारदात के बाद उसने लार्डगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्तों की जानकारी जुटा रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp