akhbaar update

उड़ीसा से गांजा लेकर जबलपुर पहुंचे दो युवक गिरफ्तार, करीब 2 लाख का माल जब्त

 



जबलपुर। तिलवारा पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने गश्त के दौरान दो युवकों को गांजा के साथ पकड़ा है। आरोपियों के पास से 3 किलो 978 ग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 98 हजार 900 रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा ने बताया कि 20 सितंबर की रात पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम लम्हेटा बायपास की ओर गश्त कर रही थी। अमर टायर वाले के टपरे के सामने दो युवक खड़े दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में दोनों की पहचान हिमांशु कश्यप, उम्र 21 वर्ष, निवासी क्रेशर बस्ती तिलवारा और दिनेश गौड़ ठाकुर, उम्र 28 वर्ष, निवासी दुर्गा मंदिर के पीछे क्रेशर बस्ती तिलवारा के रूप में हुई।

पुलिस ने दिनेश के हाथ में मौजूद नीले रंग के बैग की तलाशी ली। बैग के अंदर एक बड़ा पैकेट मिला। दिनेश ने बताया कि इस पैकेट में दो छोटे पैकेट हैं, जिनमें गांजा रखा हुआ है। उसने पुलिस को बताया कि एक पैकेट उसका और दूसरा हिमांशु का है।

पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे क्रेशर बस्ती निवासी प्रेम बर्मन के कहने पर गांजा लेने उड़ीसा के तितलागढ़ गए थे। वहां प्रेम बर्मन से मोबाइल पर संपर्क किया गया था। आरोपियों के अनुसार, तितलागढ़ स्टेशन पर शंभू नाम के व्यक्ति ने उन्हें गांजा दिया था और इसके पैसे प्रेम बर्मन ने ऑनलाइन भेजे थे।

दोनों आरोपी गांजा लेकर ट्रेन से नागपुर पहुंचे और वहां से बस के जरिए जबलपुर आए थे। पुलिस ने गांजे की तौल कराई तो कुल 3 किलो 978 ग्राम वजन निकला।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 लाख 98 हजार 900 रुपये बताई गई है। दोनों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp