जबलपुर। तिलवारा पुलिस ने चोरी और नकबजनी के मामले में फरार आरोपी प्रेमनाथ उर्फ पप्पू मल्लाह को भोपाल से पकड़ा है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अर्नव विहार कॉलोनी के पास नकबजनी की वारदात करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। मामले में चोरी के जेवर खरीदने वाले एक ज्वेलर्स संचालक को भी पकड़ा गया है।
पुलिस को सूचना मिली कि प्रेमनाथ उर्फ पप्पू मल्लाह भोपाल के गांधीनगर इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर तिलवारा पुलिस की विशेष टीम ने वहां दबिश दी और आरोपी को पकड़कर जबलपुर लाया गया। यहां पूछताछ में उसने अर्नव विहार कॉलोनी के पास चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस के मुताबिक प्रेमनाथ शातिर नकबजन है और एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि वह गिरोह में नए युवकों को शामिल करता था और उन्हें चोरी के लिए जगह की रेकी करने, ताले तोड़ने और पुलिस से बचने के तरीके बताता था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अलग-अलग राज्यों, जिलों और थानों में चोरी, नकबजनी और लूट के करीब 5 दर्जन मामले पहले से दर्ज हैं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी के सोने-चांदी के जेवर उसने अपने साथियों विजय उर्फ नाटी बैरागी, सूरज, साहिल उर्फ लखनलाल पटेल और अपनी पत्नी दीक्षा मल्लाह को दिए थे। आरोपी ने अपने हिस्से में आए कुछ जेवर अधारताल स्थित प्रकाश ज्वेलर्स में बेचने की बात भी बताई। कुछ जेवर उसने दलपत स्थित ससुराल के मकान में छिपाकर रखे थे।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम दलपतपुर, भेड़ाघाट से चोरी का सोने का हार और तीन मंगलसूत्र के पेंडल बरामद किए। इसके बाद पुलिस ने अधारताल स्थित प्रकाश ज्वेलर्स में भी कार्रवाई की। पुलिस ने ज्वेलर्स संचालक जय प्रकाश सोनी, पिता ओमकार सोनी, उम्र 46 वर्ष, निवासी संजय नगर अधारताल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
पूछताछ में जय प्रकाश सोनी ने प्रेमनाथ से जेवर खरीदने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, खरीदे गए कुछ जेवरों को गलाकर उनसे गुरिया और अंगूठी बनाई गई थी, जबकि कुछ सोना-चांदी उसी हालत में रखा हुआ था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 24 गुरिया, अंगूठी, गला हुआ सोना, चांदी का कड़ा और पायलें बरामद कीं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत के चोरी के सोने-चांदी के जेवर जब्त किए हैं। दोनों को मामले में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने अन्य मामलों में पूछताछ के लिए प्रेमनाथ मल्लाह को पुलिस रिमांड पर लिया है।