akhbaar update

चलती ट्रेन से गिरा यात्री, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

 



कटनी। जबलपुर रेलखंड के पकरिया स्टेशन के आउटर के पास सोमवार सुबह चलती ट्रेन से एक यात्री गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि यात्री ट्रेन के गेट के पास बैठा था। झपकी आने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। हादसे के बाद ट्रैक पर काम कर रहे की-मैन ने घायल को देखा और तुरंत ट्रेन के लोको पायलट और गार्ड को सूचना दी।

घटना के समय यात्री रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा हुआ था। उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई थीं। की-मैन ने उसे देखते ही लाल झंडी दिखाकर पीछे से आ रही रीवा-जबलपुर इंटरसिटी ट्रेन के लोको पायलट को खतरे का संकेत दिया। इसके साथ ही गार्ड को भी घटना की जानकारी दी गई।

संकेत मिलते ही लोको पायलट ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन को आउटर के पास रोक दिया। इसके बाद ट्रेन के गार्ड ने घायल यात्री को गार्ड ब्रेक में पहुंचाया। ट्रेन को कटनी स्टेशन की ओर रवाना किया गया। रास्ते में गार्ड ने कटनी जंक्शन के स्टेशन प्रबंधक और रेलवे कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी।

इंटरसिटी ट्रेन के कटनी स्टेशन पहुंचने से पहले रेलवे अस्पताल की मेडिकल टीम और एम्बुलेंस को तैयार रखा गया था। ट्रेन के रुकते ही डॉक्टरों ने गार्ड ब्रेक में पहुंचकर घायल यात्री का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर चोटों को देखते हुए उसे आगे के इलाज के लिए कटनी जिला अस्पताल भेज दिया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

कटनी जीआरपी थाना प्रभारी अनिल मरावी के अनुसार, सुबह एक अज्ञात व्यक्ति रेलवे ट्रैक के किनारे घायल हालत में मिला था। उसे इंटरसिटी ट्रेन के जरिए कटनी रेलवे जंक्शन लाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जीआरपी के अनुसार, घायल यात्री फिलहाल बोलने की स्थिति में नहीं है। इसलिए अभी उसकी पहचान और यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह किस ट्रेन से गिरा था और उसे कहां जाना था। मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp