जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में लूट और मारपीट की दो अलग-अलग वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक युवक और उसके मामा को चलती बाइक से गिराकर उनके साथ मारपीट की थी और 8,500 रुपये के साथ मोटरसाइकिल लूट ली थी। वहीं दूसरी घटना में एक व्यक्ति से शराब पीने के लिए रुपये मांगे और मना करने पर नुकीली वस्तु से हमला कर दिया था।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, 1,500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन जब्त किए हैं।
चलती बाइक में मारी लात, गिराकर की लूट
पुलिस के अनुसार, भेड़ाघाट निवासी 22 वर्षीय संजू ठाकुर 31 अगस्त को अपने मामा संजू उर्फ संजय ठाकुर के साथ गुलौआ चौक से काम के रुपये लेकर घर जा रहा था। उसके पास 7 हजार रुपये और मामा के पास 1,500 रुपये थे।
शाम करीब 7 बजे पाटन बायपास से अंधमूक की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर सीमेंट गोदाम के पास पीछे से एक सफेद रंग के दोपहिया वाहन पर सवार तीन युवक पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने चलती मोटरसाइकिल में लात मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए।
इसके बाद आरोपियों ने दोनों को घेर लिया और 8,500 रुपये छीन लिए। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और उनकी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 49 जेड ई 2751 भी लूटकर आरोपी अंधमूक बायपास की ओर फरार हो गए।
शराब पीने के लिए मांगे रुपये, मना करने पर किया हमला
दूसरी घटना 18 अगस्त की बताई गई है। नर्मदा नगर निवासी सत्यम कोष्टा ने पुलिस को बताया कि उसके पिता काम से घर लौट रहे थे। पांडव रेस्टोरेंट के आगे राधाकृष्ण नेत्रालय के पास मोटरसाइकिल से आए तीन युवकों ने उनसे शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगे।
रुपये देने से मना करने पर एक आरोपी ने नुकीली वस्तु से हमला कर दिया, जिससे उन्हें चोट लगी। वहीं अन्य आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की मदद से पहुंचे आरोपी तक
पुलिस ने दोनों मामलों की जांच के दौरान मुखबिरों को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद बायपास स्थित जीरो डिग्री क्षेत्र में दबिश देकर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने दोनों घटनाएं करना स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में चमन नगर निवासी दिन्नु उर्फ दिनेश चौधरी, आईटीआई के सामने माढ़ोताल निवासी गौरव अहिरवार उर्फ भोला और शंकर नगर निवासी प्रमोद चौधरी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, लूट की रकम में से 1,500 रुपये नकद तथा दोनों घटनाओं में इस्तेमाल किए गए वाहन जब्त किए हैं। आरोपियों ने शेष लूटी रकम खर्च कर देना बताया है। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।