akhbaar update

जबलपुर में दौड़ी पीएम ई-बस, 20 बसों से शुरू होगी दो प्रमुख मार्गों पर सेवा

 


जबलपुर। संस्कारधानी के जन परिवहन को आधुनिक, सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शहर में पीएम ई-बस सेवा का ट्रायल सफलतापूर्वक किया गया। इस दौरान मध्य प्रदेश शासन के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने स्वयं इलेक्ट्रिक बस में सफर कर यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

ट्रायल के दौरान सिविल लाइन से गोरखपुर मार्ग तक वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बस का संचालन किया गया। मंत्री राकेश सिंह और महापौर ने बस में सफर कर इसकी तकनीक, बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाओं को देखा।



दो मार्गों पर शुरू हुआ ट्रायल

महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने बताया कि पीएम ई-बस योजना के तहत पहले दिन 10 बसों के साथ ट्रायल शुरू किया गया। इसमें ई-1 मार्ग पर मदर टेरेसा नगर से घाना तक 5 बसें चलाई गईं। वहीं ई-9 मार्ग पर आईएसबीटी से भेड़ाघाट तक 5 बसों का संचालन किया गया।

उन्होंने बताया कि अगले दिन से दोनों मार्गों पर कुल 20 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा।

मदर टेरेसा नगर से घाना तक चलेगी ई-1 बस

ई-1 मार्ग की बस मदर टेरेसा नगर, आईटीआई, दीनदयाल बस स्टैंड, विजय नगर, बलदेव बाग, रानीताल, तीन पत्ती बस स्टैंड, नौदरा ब्रिज, घंटाघर, कलेक्ट्रेट, रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर 6, हाईकोर्ट, घमापुर, बाई का बगीचा, कंचघर, सतपुला तिराहा, पनेहरा पेट्रोल पंप, गोकलपुर, जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज, रांझी, खमरिया पेट्रोल पंप और खमरिया फैक्ट्री होते हुए घाना तक पहुंचेगी।

आईएसबीटी से भेड़ाघाट तक चलेगी ई-9 बस

ई-9 मार्ग की बस आईएसबीटी से शुरू होकर दमोह नाका, बलदेव बाग, रानीताल, तीन पत्ती बस स्टैंड, शास्त्री ब्रिज, मदन महल, प्रेमनगर, शारदा चौक, त्रिपुरी चौक, मेडिकल, धनवंतरी नगर तिराहा, अंधमूक बायपास, तेवर, त्रिपुरी सुंदरी मंदिर, कुदन, मिरगंज, भेड़ाघाट चौक, शिल्पी नगर और पंचवटी होते हुए धुआंधार तक जाएगी।

यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

पीएम ई-बस में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए कई आधुनिक व्यवस्थाएं की गई हैं। बस में स्वचालित यात्री घोषणा प्रणाली होगी, जिससे अगले बस स्टॉप की जानकारी मिल सकेगी। रूट डिस्प्ले सिस्टम के माध्यम से बस का मार्ग और अन्य जरूरी जानकारी दिखाई जाएगी।

दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए व्हीलचेयर लिफ्ट भी लगाई गई है। बस में 25 सीटें और यात्रियों के चढ़ने-उतरने के लिए दो स्वचालित दरवाजे होंगे। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, आग का पता लगाने और अलार्म की व्यवस्था तथा आपात स्थिति के लिए पैनिक बटन भी लगाया गया है।

बस में एयर सस्पेंशन सिस्टम दिया गया है, जिससे यात्रा अधिक आरामदायक होगी। इन बसों का आकार सामान्य बसों की तुलना में थोड़ा छोटा रखा गया है, जिससे इन्हें संकरी सड़कों और शहर के यातायात में आसानी से चलाया जा सके।

ई-बस से जन्माष्टमी शोभायात्रा में पहुंचे मंत्री और महापौर

ई-बस सेवा का ट्रायल पूरा होने के बाद लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू इलेक्ट्रिक बस से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित चलित शोभायात्रा में पहुंचे। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण का पूजन-अर्चन कर शहर की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

इस दौरान नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, विभिन्न जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार सहित अन्य अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और ई-बस सेवा का जायजा लिया।

जबलपुर में पीएम ई-बस सेवा शुरू होने से शहरवासियों को जल्द ही प्रदूषण रहित, आधुनिक और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन की नई सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp