जबलपुर। ग्वारीघाट स्थित नर्मदा नदी में शुक्रवार को होमगार्ड की एक मोटरबोट तेज धार में फंस गई। नाव का इंजन अचानक बंद हो जाने के बाद उसमें सवार करीब 14 लोग संकट में आ गए। मोटरबोट बहाव के साथ बहने लगी, जिसके बाद घाट पर मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि होमगार्ड के प्रशिक्षु नदी में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उफनाती नर्मदा के बीच मोटरबोट में तकनीकी खराबी आ गई और इंजन बंद हो गया। इंजन बंद होते ही नाव को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया।
स्थानीय नाविकों ने पहुंचाई मदद
नाव में सवार लोगों ने मदद के लिए आवाज लगाई तो ग्वारीघाट पर मौजूद स्थानीय नाविक तुरंत नदी में पहुंचे। अपनी नावों की मदद से उन्होंने होमगार्ड की मोटरबोट तक पहुंचकर उसमें फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद खराब मोटरबोट को रस्सी से बांधकर किनारे तक लाया गया। समय पर स्थानीय नाविकों की मदद मिलने से बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस के अनुसार, मोटरबोट के इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण यह स्थिति बनी थी। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और नाव में सवार सभी 14 लोग सुरक्षित हैं।