akhbaar update

मध्य प्रदेश में बारिश का कहर, 9 जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट, कई जगह स्कूल बंद



भोपाल। मध्य प्रदेश में भादो के महीने में मानसून एक बार फिर आक्रामक रूप में नजर आ रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार झमाझम और रिमझिम बारिश हो रही है। तेज बारिश के कारण कई नदियां और बांध उफान पर हैं, जबकि निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए विदिशा, राजगढ़, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, सागर, छतरपुर और टीकमगढ़ में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम समेत 19 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

कई जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों की छुट्टी

भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित की है। श्योपुर, शिवपुरी, गुना, मुरैना, भिंड और ग्वालियर सहित कई क्षेत्रों में विद्यार्थियों को राहत दी गई है। अलग-अलग जिलों में नर्सरी से लेकर 8वीं और कुछ स्थानों पर 12वीं तक की कक्षाएं बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। कई जगह आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रखे गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को सतर्क रहने के निर्देश दिए

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए सभी कलेक्टरों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि बारिश के कारण किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखी जाए।

मुख्यमंत्री ने नदियों, नालों और बांधों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने तथा जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू करने के निर्देश भी दिए हैं।

नर्मदा, सोन और धसान नदी उफान पर

लगातार बारिश और बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जबलपुर से पानी छोड़े जाने के बाद ग्वारीघाट में नर्मदा का पानी दुकानों तक पहुंच गया है।

नर्मदापुरम के सेठानी घाट और खंडवा के ओंकारेश्वर में भी जलस्तर बढ़ा है। छतरपुर में धसान नदी उफान पर है। शिवपुरी में मड़ीखेड़ा बांध के गेट खुलने के बाद आसपास के गांवों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।

वहीं सीधी में सोन नदी का जलस्तर बढ़ गया है। पन्ना जिले के अमानगंज में मिढ़ासन नदी का पानी बढ़ने से थाना परिसर और अस्पताल में पानी भरने की स्थिति बन गई है।

प्रदेश में सामान्य से कम बारिश

इस मानसून सीजन में मध्य प्रदेश में अब तक करीब 30.3 इंच बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य बारिश से लगभग 7 प्रतिशत कम बताई जा रही है। प्रदेश के 55 जिलों में से 23 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है, जबकि कई जिले अभी भी बारिश की कमी से जूझ रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार से मानसूनी गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है। हालांकि तब तक कई इलाकों में तेज बारिश और जलभराव की स्थिति बनी रह सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp