akhbaar update

सोते समय दादा-पोती को सांप ने डसा, 10 साल की बच्ची की मौत; दादा की हालत गंभीर

 


दमोह। तारादेही क्षेत्र के सरसेला गांव में सोमवार सुबह दर्दनाक घटना सामने आई। घर में सो रहे दादा और उनकी 10 वर्षीय पोती को सांप ने डस लिया। हादसे में बच्ची की मौत हो गई, जबकि दादा की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

चीख सुनकर जागे परिजन

पुलिस के अनुसार सरसेला गांव निवासी रमेश पटेल (60) को सुबह सांप ने डस लिया। सांप के काटने के बाद रमेश ने चीख-पुकार की, जिसके बाद परिवार के लोग जाग गए। परिजन उन्हें तत्काल तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर जबलपुर पहुंचे ही थे कि घर से एक और दुखद खबर मिली।

पोती को भी सांप ने डसा

परिजनों को फोन पर जानकारी मिली कि रमेश पटेल की 10 वर्षीय पोती दुर्गा को भी सांप ने डस लिया है। परिवार के सदस्य तत्काल बच्ची को तेंदूखेड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गांव में छाया मातम

बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना के बाद पूरे सरसेला गांव में मातम का माहौल है।

इधर, जबलपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती रमेश पटेल की हालत भी अत्यंत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp