जबलपुर। बेलबाग थाना क्षेत्र के तुलसी मोहल्ला में सोमवार देर रात करीब दो बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब 5-6 लोगों ने जमकर हंगामा करते हुए सड़क किनारे खड़े वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। आरोपियों ने वाहनों के शीशे तोड़ने के साथ लाठियां भी चलाईं और लोगों को धमकाते हुए मौके से भाग गए।
अचानक हुए हंगामे से मोहल्ले में दहशत फैल गई। घटना के दौरान डर के कारण कोई भी व्यक्ति अपने घर से बाहर नहीं निकला। मामले की शिकायत बेलबाग पुलिस से की गई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा है।
आधी रात अचानक सुनाई देने लगी तोड़फोड़ की आवाज
बेलबाग पुलिस के अनुसार तुलसी मोहल्ला निवासी शिवांगी पैगवार ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि सोमवार रात करीब दो बजे घर के बाहर अचानक लोगों के चिल्लाने और अपशब्द बोलने की आवाज आने लगी।
कुछ ही देर बाद सड़क पर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की आवाजें सुनाई देने लगीं। काफी देर तक चले हंगामे के कारण मोहल्ले के लोग अपने-अपने घरों में ही दुबके रहे।
एक वाहन के शीशे तोड़े, अन्य वाहनों में भी चलाई लाठियां
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तुलसी मोहल्ला में खड़े वाहन एमपी 20 एलएएस 787 में तोड़फोड़ की गई। इसके अलावा अन्य वाहनों में भी लाठियां चलाकर नुकसान पहुंचाने की बात सामने आई है।
पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा मामला
पुलिस को प्रारंभिक तौर पर पता चला है कि घटना पुरानी रंजिश से जुड़ी हो सकती है। मामले में कथित तौर पर शिवांश गौतम, कार्तिक कोरी और उनके साथियों के नाम सामने आ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना के पीछे के विवाद का पता लगाने में जुटी हुई है।