akhbaar update

एमपी स्टेट बार काउंसिल चुनाव में आरके सिंह सैनी की जीत, जबलपुर के अधिवक्ताओं में खुशी

 



जबलपुर। एमपी स्टेट बार काउंसिल चुनाव-2026 की मतगणना में जबलपुर के वरिष्ठ अधिवक्ता आरके सिंह सैनी ने एक बार फिर अपनी मजबूत पकड़ साबित की है। मतगणना के एलिमिनेशन राउंड के 19वें दिन निर्धारित कोटा पूरा करने के बाद आरके सिंह सैनी निर्वाचित हो गए।

उनके साथ इंदौर के राकेश सिंह भदौरिया, अखिलेश कुमार सक्सेना और विवेक सिंह ने भी निर्धारित कोटा पार कर जीत दर्ज की है। चार प्रत्याशियों के निर्वाचित होने के बाद स्टेट बार काउंसिल चुनाव की मतगणना में एक और महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है।

पांच बार रह चुके हैं जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष

आरके सिंह सैनी का अधिवक्ता संगठनों और बार काउंसिल की राजनीति में लंबा अनुभव रहा है। वे एमपी स्टेट बार काउंसिल के पूर्व उपाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा वे पांच बार जिला अधिवक्ता संघ, जबलपुर के अध्यक्ष का दायित्व भी संभाल चुके हैं।

स्टेट बार काउंसिल में रहते हुए उन्होंने अनुशासन समिति के अध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। अधिवक्ताओं की समस्याओं और उनके हितों से जुड़े मामलों में वे लगातार सक्रिय रहे हैं।

अधिवक्ताओं के भरोसे की जीत

निर्वाचित होने के बाद आरके सिंह सैनी के समर्थकों में खुशी का माहौल है। समर्थकों का कहना है कि यह जीत अधिवक्ताओं के उस भरोसे का परिणाम है, जो उन्होंने सैनी पर जताया है।

आरके सिंह सैनी ने अधिवक्ताओं की लंबित समस्याओं के समाधान, पारदर्शी व्यवस्था और सभी अधिवक्ताओं के लिए बेहतर कार्यप्रणाली को प्राथमिकता देने की बात कही है। साथ ही डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने और अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए सक्रिय रूप से काम करने का भरोसा जताया है।

122 में से 89 प्रत्याशी हुए एलिमिनेट

मतगणना के 19वें दिन तक कुल 122 प्रत्याशियों में से 89 प्रत्याशी एलिमिनेट हो चुके हैं। वहीं अन्य प्रत्याशियों के बीच मतगणना और एलिमिनेशन की प्रक्रिया जारी है। संदीप मेहता, नित्यानंद मिश्रा, हितोषी जय हार्डिया, नरेंद्र कुमार जैन और गौरव मिश्रा भी बढ़त बनाए हुए हैं।

आरके सिंह सैनी के निर्वाचित होने को जबलपुर के अधिवक्ता जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp