जबलपुर। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने गुजरात हाईकोर्ट के जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। 31 अगस्त 2026 को हुई कॉलेजियम की बैठक में विभिन्न हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति और स्थानांतरण को लेकर निर्णय लिया गया।
जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के 30वें मुख्य न्यायाधीश होंगे। जबलपुर स्थित मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में वे पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव सचदेवा का स्थान लेंगे। जस्टिस संजीव सचदेवा के स्थानांतरण के बाद जस्टिस विवेक रूसिया को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाया गया था।
कॉलेजियम की बैठक में मध्य प्रदेश के अलावा राजस्थान हाईकोर्ट तथा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति को लेकर भी सिफारिश की गई। बैठक में भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत सहित सुप्रीम कोर्ट के चार अन्य वरिष्ठ न्यायाधीश शामिल थे।
गुजरात हाईकोर्ट में रहे हैं न्यायाधीश
जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे का जन्म 16 जुलाई 1969 को हुआ था। उन्होंने बीएससी केमिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद वर्ष 1990 में एलएलबी की डिग्री प्राप्त की। वर्ष 1993 से उन्होंने गुजरात में वकालत शुरू की।
वर्ष 2016 में उन्हें गुजरात हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। इससे पहले वे गुजरात सरकार के साथ विभिन्न कानूनी जिम्मेदारियों में कार्य कर चुके हैं। वे वर्ष 2002 से 2007 तक अतिरिक्त लोक अभियोजक रहे। इसके अलावा उन्होंने केंद्रीय उत्पाद शुल्क और सीमा शुल्क विभाग के स्थायी अधिवक्ता के रूप में भी सेवाएं दी हैं।
कॉलेजियम ने इन तीन न्यायाधीशों के नाम की सिफारिश की
जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे — गुजरात हाईकोर्ट से मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश।
जस्टिस संजय के. अग्रवाल — छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश।
डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी — राजस्थान हाईकोर्ट से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश।
जस्टिस कोगजे की नियुक्ति के संबंध में कॉलेजियम की सिफारिश के बाद आगे की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने पर उनकी नियुक्ति को अंतिम रूप दिया जाएगा।