जबलपुर। शहर में स्थायी पट्टा भूमि पर निवास करने वाले या अन्य कार्यों के लिए भूमि का उपयोग कर रहे नागरिकों के लिए पट्टा नवीनीकरण, नवीनीकृत पट्टों के नामांतरण और राजस्व अभिलेखों को अद्यतन कराने की प्रक्रिया अब आसान होगी। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर इसके लिए एक पेज का सरल आवेदन पत्र तैयार किया गया है।
सबसे खास बात यह है कि पट्टाधारकों को आवेदन पत्र लेने के लिए किसी कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राजस्व विभाग का मैदानी अमला क्षेत्र भ्रमण के दौरान घर-घर पहुंचकर आवेदन पत्र उपलब्ध कराएगा और उसे भरने में भी लोगों की मदद करेगा।
यह निर्णय कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। बैठक में शहर के रांझी, आधारताल और गोरखपुर अनुभाग के अनुविभागीय राजस्व अधिकारी, तहसीलदार और राजस्व निरीक्षक मौजूद रहे। अपर कलेक्टर रविशंकर राय और अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में बताया गया कि नियमों और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी नहीं होने के कारण कई स्थायी पट्टाधारक समय पर आवेदन नहीं कर पाते हैं। वहीं, कई आवेदन अधूरे या आवश्यक दस्तावेज नहीं होने के कारण निराकृत नहीं हो पाते। लंबे समय तक पट्टा नवीनीकरण या राजस्व रिकॉर्ड अद्यतन नहीं होने पर लीज निरस्तीकरण या पुनः प्रवेश जैसी स्थिति भी बन सकती है।
घर-घर पहुंचेगा राजस्व अमला
कलेक्टर के निर्देश पर तैयार किए गए एक पेज के आवेदन पत्र को राजस्व विभाग का मैदानी अमला पट्टाधारकों के घर तक पहुंचाएगा। अधिकारी लोगों को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देंगे और आवेदन पत्र भरने में भी सहायता करेंगे।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि घर-घर भ्रमण के दौरान आवेदन प्राप्त करने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाए और आवश्यक उद्घोषणा का प्रकाशन भी सुनिश्चित किया जाए। पट्टा नवीनीकरण और नामांतरण के मामलों के समयबद्ध निराकरण के लिए रोस्टर तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
शुल्क जमा होने के एक सप्ताह में मिलेगी नवीनीकृत लीज
बैठक में तय किया गया कि निर्धारित शुल्क जमा होने के बाद एक सप्ताह के भीतर नवीनीकृत लीज प्रदान करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिन मामलों में लीज से संबंधित कोई बकाया राशि नहीं है, उनमें फ्री-होल्ड संबंधी आवेदनों पर भी तय समय-सीमा में कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने तीनों अनुभागों के अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को घर-घर भ्रमण के लिए पर्याप्त राजस्व अमला तैनात करने और प्रतिदिन इसकी निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कार्यालय स्तर पर मामलों के जल्द निराकरण के लिए विशेष सेल गठित करने को भी कहा गया है।
भ्रमण दल किन क्षेत्रों में पहुंचेगा और संबंधित अधिकारियों के संपर्क नंबर क्या होंगे, इसकी जानकारी भी समय-समय पर जारी की जाएगी।