जबलपुर। भेड़ाघाट में प्रस्तावित हैलीपैड के लिए चिन्हित नगर परिषद की जमीन से जिला प्रशासन ने अवैध कब्जा हटा दिया है। सोमवार को की गई कार्रवाई में नगर परिषद भेड़ाघाट की करीब 2 एकड़ भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। प्रशासन के अनुसार इस जमीन का बाजार मूल्य लगभग 80 लाख रुपये है।
जिला प्रशासन के मुताबिक नगर परिषद भेड़ाघाट की खसरा नंबर 81 की भूमि पर गोपालपुर निवासी छोटा यादव द्वारा अवैध कब्जा किया गया था। यहां मकान का निर्माण करने के साथ ही कृषि कार्य भी किया जा रहा था।
अनुविभागीय राजस्व अधिकारी गोरखपुर अनुराग सिंह ने बताया कि कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अवैध कब्जा हटाने से पहले संबंधित पक्ष को सुनवाई का अवसर दिया गया और विधिवत प्रक्रिया पूरी करने के बाद भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।
प्रशासन के अनुसार कब्जामुक्त कराई गई इस भूमि पर पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हैलीपैड का निर्माण प्रस्तावित है। भेड़ाघाट देश-विदेश के पर्यटकों के लिए प्रमुख पर्यटन स्थल है और हैलीपैड बनने से क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त तहसीलदार गोरखपुर ललित ग्वालवंशी, नगर परिषद भेड़ाघाट के मुख्य नगर पालिका अधिकारी विक्रम झरिया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।