जबलपुर। अधारताल तहसील के राजस्व अमले ने कछपुरा स्थित करीब साढ़े तीन हजार वर्गफुट शासकीय सीलिंग भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से बनाए गए भवन के बड़े हिस्से को हटाया गया।
तहसीलदार अधारताल से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस शासकीय भूमि पर आजाद चौक निवासी मनीष गुप्ता द्वारा अतिक्रमण कर भवन का निर्माण किया गया था, जिसे गणेश मंडपम के नाम से जाना जाता है।
राजस्व विभाग द्वारा अतिक्रमणकर्ता को पहले नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि निर्देश का पालन नहीं किए जाने पर सोमवार को अधारताल तहसील के राजस्व अमले ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।
तहसीलदार के अनुसार सीलिंग की भूमि पर किए गए अतिक्रमण का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा जेसीबी मशीनों की सहायता से हटा दिया गया है। शेष हिस्से को हटाने की कार्रवाई मंगलवार को भी जारी रहेगी।
राजस्व अधिकारियों के मुताबिक शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
