जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र के अमन नगर में चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और 2 लाख 75 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए। वारदात के समय मकान मालिक सगीर अहमद अंसारी अपने परिवार के साथ रिश्तेदार की बेटी की शादी में शामिल होने रजा चौक गए थे। रात करीब 11 बजे घर लौटने पर चोरी का पता चला।
शादी में गया था पूरा परिवार
पुलिस के अनुसार 56 वर्षीय सगीर अहमद अंसारी अमन नगर में रहते हैं। उनके साढ़ू अतीक अहमद की बेटी की शादी थी। सगीर अपनी दुकान बंद कर शादी समारोह में चले गए थे। उनकी पत्नी और बेटी भी घर में ताला लगाकर शादी में शामिल होने पहुंच गई थीं।
इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। उन्होंने दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी के लॉकर में रखे जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए।
जेवर और नकदी ले गए चोर
चोर घर से सोने की नथ, दो मंगलसूत्र, सोने की चेन, एक हार सेट, चांदी की पायल, बच्चों के कड़े और पांच अंगूठियां ले गए। इसके अलावा अलमारी में रखे 2 लाख 75 हजार रुपए भी चोरी कर लिए।
रात करीब 11 बजे सगीर परिवार के साथ घर पहुंचे तो दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी का लॉकर खुला था और उसमें रखे जेवर व नकदी गायब थी।
संदिग्धों से पूछताछ शुरू
चोरी की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी भी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस खंगाल रही आसपास के सुराग
पुलिस चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य संभावित सुरागों की भी जांच की जा रही है।