जबलपुर। पाटन के थापक वार्ड में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पीपल के पेड़ पर करीब छह फीट लंबा सांप लटका दिखाई दिया। सांप को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोग उसे भगाने के लिए पत्थर फेंकने लगे, लेकिन बस्ती का इलाका होने के कारण उन्हें रोक दिया गया।
सूचना मिलने पर नगर पालिका की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। सांप को पेड़ से नीचे उतारने के लिए टीम ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
पानी की बौछार से नीचे गिरा सांप
नगर परिषद की टीम के अनुसार, लगातार पानी की बौछार किए जाने पर सांप पेड़ की डालियों के बीच इधर-उधर घूमने लगा। कुछ देर बाद वह पेड़ से नीचे गिर गया, लेकिन नीचे आते समय बिजली के तार में फंस गया।
बाद में सांप वहां से निकलकर एक घर में घुस गया। मौके पर सर्प विशेषज्ञ भी पहुंचे और सांप को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसका रेस्क्यू नहीं हो सका।
खतरनाक प्रजाति का नहीं बताया गया
मौके पर मौजूद सर्प विशेषज्ञों के अनुसार शुरुआती पहचान में सांप किसी खतरनाक प्रजाति का नहीं बताया गया। हालांकि उसके घर में घुसने के बाद लोगों में दहशत बनी रही।
घटना के दौरान बस्ती में भीड़ जमा होने के कारण किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए लोगों को सांप से दूर रहने की हिदायत दी गई।