akhbaar update

हाइवा की टक्कर से स्कूटी सवार शिक्षिका की मौत, नो एंट्री में भारी वाहन पहुंचने पर उठे सवाल

 




जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र के संजीवनी नगर में शुक्रवार रात सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवती की मौत हो गई। पटेल स्वीट्स के पास तेज रफ्तार हाइवा ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार दीक्षा गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस और स्थानीय लोगों ने उन्हें मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।



कोचिंग पढ़ाकर मंदिर गई थीं दीक्षा

मृतका की पहचान 24 वर्षीय दीक्षा गुप्ता के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह शाही तालाब के पास स्थित रॉयल स्कूल में शिक्षिका थीं और बच्चों को कोचिंग भी पढ़ाती थीं। शुक्रवार रात बच्चों को पढ़ाने के बाद वह हनुमान मंदिर दर्शन करने गई थीं। दर्शन के बाद स्कूटी से घर लौटते समय संजीवनी नगर में पटेल स्वीट्स के पास हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाइवा की टक्कर इतनी तेज थी कि दीक्षा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

परिवार ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई

दीक्षा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों के लिए यह हादसा बेहद सदमे वाला रहा। शुक्रवार को परिजनों और परिचितों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

हाइवा चालक गिरफ्तार

गढ़ा पुलिस के अनुसार रात करीब 10 बजे पटेल स्वीट्स के पास हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हाइवा चालक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के कारण, वाहन की गति और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

नो एंट्री में हाइवा पहुंचने पर सवाल

हादसे के बाद संजीवनी नगर की यातायात व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश को लेकर नो एंट्री की व्यवस्था बताई जाती है, वहां हाइवा कैसे पहुंच गया।

लोगों का सवाल है कि यदि इस मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है, तो नियम का पालन कराने और निगरानी की जिम्मेदारी किसकी थी। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नो एंट्री व्यवस्था की प्रभावी निगरानी की जाए, ताकि प्रतिबंधित समय में भारी वाहनों की आवाजाही रोकी जा सके।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp