जबलपुर। अधारताल स्थित प्राचीन लक्ष्मी नारायण पचमठा मंदिर में चोरी और प्राचीन मूर्ति से छेड़छाड़ की घटना को लेकर सोमवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग मंदिर के पास पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ मंदिर की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। इस दौरान लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताते हुए जमकर नारेबाजी की।
सीसीटीवी कैमरे तोड़कर मंदिर में की चोरी
जानकारी के अनुसार, अधारताल तालाब के पास स्थित पचमठा मंदिर में शुक्रवार रात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ने के बाद चोर अंदर दाखिल हुए और चोरी की।
मंदिर के पुजारी कपिल गर्ग के मुताबिक, सुबह मंदिर का ताला टूटा मिला। मंदिर से जेवर और दानपेटी गायब थी। सीसीटीवी फुटेज में नकाब पहने दो संदिग्ध दिखाई दिए हैं।
प्राचीन मूर्ति से भी की गई छेड़छाड़
चोरी के दौरान मंदिर की प्राचीन मूर्ति से भी छेड़छाड़ किए जाने की बात सामने आई है। इसको लेकर श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय लोगों में खासा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यह मंदिर काफी पुराना है और यहां पहले भी चोरी की दो घटनाएं हो चुकी हैं।
सुरक्षा के बावजूद फिर हुई वारदात
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पहले हुई चोरी की घटनाओं के बाद मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके। इसके बावजूद चोरों ने कैमरों को ही नुकसान पहुंचाकर वारदात कर दी।
लोगों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और मंदिर में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग की है।