जबलपुर। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर शुक्रवार को जबलपुर में बैंक अधिकारी और कर्मचारी एक दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल हुए। सुबह 10 बजे गोल बाजार स्थित शहीद स्मारक पर बड़ी संख्या में बैंककर्मी एकत्र हुए और केंद्र सरकार व इंडियन बैंक्स एसोसिएशन के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी मांगें उठाईं।
प्रदर्शन का नेतृत्व स्थानीय संयोजक अभिषेक कुमार सिन्हा और उप महासचिव प्रशांत खरे ने किया। बैंककर्मियों ने पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने और परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव की भेदभावपूर्ण नीति वापस लेने की मांग की।
मांगें नहीं मानी तो बढ़ेगा आंदोलन
सभा के दौरान बैंक यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि बैंक कर्मचारी देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन उनकी लंबित मांगों पर अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
संगठन ने 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इसके बाद भी मांगों पर सहमति नहीं बनी तो 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
कई बैंक संगठनों ने दिखाई एकजुटता
प्रदर्शन में स्टेट बैंक अधिकारी संघ, एसबीआई अवॉर्ड स्टाफ एम्प्लॉइज यूनियन सहित विभिन्न वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि कार्य समय में सुधार और इंसेंटिव नीति में समानता के मुद्दे पर सभी संगठन एकजुट हैं।
प्रदर्शन के कारण शहर के कई बैंक शाखाओं में सामान्य बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं। आंदोलन के अंत में फोरम की जिला इकाई ने कर्मचारियों और अधिकारियों का आभार जताते हुए आगामी आंदोलन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।