जबलपुर। बेलबाग और चरगवां थाना क्षेत्र में विवाद के दौरान मारपीट और धमकी देने के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार हटाने की बात पर हुआ विवाद
बेलबाग थाना क्षेत्र में प्रेमसागर रोड स्थित सरकारी कुआं निवासी पारस अहिरवार (36) ने 18 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि उसके घर के सामने रहने वाला राज शिवहरे अपनी कार रोजाना उसके घर के सामने खड़ी करता है।
18 सितंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे पारस ने घर से बाहर आकर राज शिवहरे से कार हटाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि राज ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई, जिससे बाएं हाथ में चोट आई। शिकायतकर्ता ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
पुलिस ने शिकायत पर बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
ताला नहीं मिलने पर पिता ने पत्नी से किया विवाद
दूसरा मामला चरगवां थाना क्षेत्र का है। सेंट्रल बैंक के सामने रहने वाले 15 वर्षीय श्रेयांश सैनी ने 18 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि उसके पिता अजय सैनी निजी बस में काम करते हैं, जबकि मां सरकारी स्कूल में खाना बनाने का काम करती हैं।
शिकायत के अनुसार 18 सितंबर की शाम करीब 7 बजे उसकी मां मंजू सैनी घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान पिता अजय सैनी घर पहुंचे और बाहर के गेट का ताला मां से पूछा। ताला नहीं मिलने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि अजय सैनी ने गाली-गलौज की। मां द्वारा विरोध करने पर उसने उनके हाथ से बेलन लेकर उसी से सिर पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें चोट आई। इसके बाद दोबारा ताला छिपाने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शिकायत पर बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।