जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र के बाबाटोला में शराब पीने की बात को लेकर हुए विवाद में 22 वर्षीय सूरज चौधरी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में भूरा उर्फ अजीत चौधरी (27) को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया।
घटना 20 सितंबर की दोपहर करीब 1:30 बजे की है। बाबाटोला निवासी सूरज चौधरी शंकर किराना के पास सड़क किनारे नाली की पट्टी में घायल हालत में मिला था। उसके सीने में चोट लगी थी। जानकारी मिलने पर उसका भाई सनी चौधरी और चाचा बबली मौके पर पहुंचे और उसे ई-रिक्शा से विक्टोरिया अस्पताल ले जाने लगे।
रास्ते में सूरज को होश आया तो उसने परिजनों को बताया कि भूरा ने उसे चाकू मारा है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़, नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर शुभम सिंह और वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी नीता जैन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में हत्या की बात कबूली
आरोपी को पकड़ने के लिए थाना प्रभारी हनुमानताल सुभाषचंद बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई गई। टीम ने तलाश कर भोलानगर निवासी भूरा उर्फ अजीत चौधरी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने शराब पीने की बात को लेकर विवाद होने के बाद सूरज पर चाकू से हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चाकू बरामद कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।