akhbaar update

सिहोरा में हाइवा से टकराई बाइक, युवक की मौत; साथी गंभीर घायल

 



जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र में मझगवां रोड पर देर रात बाइक सवार दो युवक हादसे का शिकार हो गए। आगे चल रहे हाइवा को ओवरटेक करने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर हाइवा से टकरा गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सिहोरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे की हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

रिश्तेदारी में जा रहे थे दोनों युवक

जानकारी के अनुसार आगा चौक उजारपुरवा, जबलपुर निवासी सचिन केसरवानी अपने दोस्त रवि कनौजिया के साथ बाइक से रिश्तेदारी में मझगवां जा रहा था। दोनों फनवानी गांव से आगे पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने आगे चल रहे हाइवा को ओवरटेक करने की कोशिश की।

ओवरटेक करते समय बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर गिरते हुए हाइवा की चपेट में आ गए। हादसे के बाद बाइक करीब 20 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई।

अस्पताल पहुंचने से पहले नहीं बची जान

हादसे में सचिन केसरवानी और रवि कनौजिया को गंभीर चोटें आईं। सड़क से गुजर रहे लोगों ने दोनों को घायल हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उन्हें तत्काल सिहोरा अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सचिन केसरवानी को मृत घोषित कर दिया। वहीं रवि कनौजिया की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

हाइवा चालक खुद पहुंचा थाने

हादसे की सूचना मिलते ही दोनों युवकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर खुद मझगवां थाने पहुंचा और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp