akhbaar update

बुजुर्ग की पीठ पर बैठकर पानी भरा गड्ढा पार करने वाला पटवारी निलंबित

 



सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के ग्राम माटा में एक बुजुर्ग की पीठ पर बैठकर पानी से भरा गड्ढा पार करने वाले पटवारी का वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देश पर अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय गांव पहुंचकर पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

पटवारी को तत्काल प्रभाव से किया निलंबित

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व गोपद बनास प्रिया पाठक ने हल्का माटा के पटवारी नीलेश नामदेव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रथम दृष्टया पटवारी का व्यवहार असंवेदनशील और अपमानजनक पाए जाने पर मध्य प्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत कार्रवाई की गई है।

प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पटवारी नीलेश नामदेव एक बुजुर्ग की पीठ पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। बुजुर्ग पानी और कीचड़ से भरे गड्ढे को पार कर रहा है, जबकि पटवारी उसकी पीठ पर सवार है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी फैल गई और पटवारी के व्यवहार पर सवाल उठने लगे।

अवैध वसूली के आरोप भी जांच में शामिल

ग्रामीणों ने जनसुनवाई के दौरान पटवारी के खिलाफ शासकीय पट्टा, पीएम किसान सम्मान निधि, जाति प्रमाण पत्र और जन्म प्रमाण पत्र जैसे कार्यों के लिए सेवा शुल्क मांगने की शिकायत भी की थी। वायरल वीडियो के बाद प्रशासन ने इन शिकायतों को भी जांच के दायरे में शामिल कर लिया है।

अपर कलेक्टर गांव पहुंचकर ग्रामीणों से जानकारी ले रहे हैं और पूरे मामले की वास्तविकता की जांच की जा रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp