akhbaar update

द्वारिका परिसर में विशाल मगरमच्छ दिखने से हड़कंप, वन विभाग ने लोगों को किया अलर्ट

 


जबलपुर। पनागर क्षेत्र के भरदा गांव से लगे द्वारिका परिसर टाउनशिप में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब लोगों ने पानी भरे इलाके में एक विशाल मगरमच्छ को देखा। मगरमच्छ दिखने की खबर तेजी से फैलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।



बताया जा रहा है कि मगरमच्छ करीब 3 से 4 फीट लंबा है। सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया। वन परिच्छेद अधिकारी सौरभ शर्मा अपनी रेस्क्यू टीम के साथ मगरमच्छ को पकड़ने के प्रयास में जुटे हैं। हालांकि इलाके में भारी जलभराव होने के कारण रेस्क्यू में परेशानी आ रही है।

वन विभाग की टीम ग्रामीणों की मदद से पहले इलाके में भरे पानी को खाली कराने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पानी कम होते ही या मगरमच्छ के बाहर आते ही उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया जाएगा।

इलाके के आसपास बड़ी संख्या में रिहायशी मकान हैं और बच्चे भी अक्सर बाहर खेलते रहते हैं। इसे देखते हुए वन विभाग ने एहतियात के तौर पर लोगों को पानी भरे स्थानों और आसपास के इलाके से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है।

ग्रामीणों को सतर्क करने के लिए सरपंच के माध्यम से पूरे गांव में मुनादी भी कराई गई है। पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई है और स्थानीय स्तर पर लोगों को सावधानी बरतने के लिए कहा जा रहा है।

डिप्टी रेंजर शैलेश कुमार गौतम ने बताया कि फिलहाल पानी भरे होने के कारण मगरमच्छ को पकड़ना मुश्किल हो रहा है। जैसे ही पानी पूरी तरह खाली होगा या मगरमच्छ बाहर दिखाई देगा, वन विभाग की टीम तुरंत उसका रेस्क्यू करेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp