जबलपुर। कच्ची शराब के खिलाफ पुलिस ने बुधवार को रांझी थाना क्षेत्र के बापूनगर में कार्रवाई की। पुलिस टीम ने दो घरों में दबिश देकर 11 लीटर कच्ची शराब बरामद की। इसके अलावा जमीन में छिपाकर रखी गई महुआ लाहन से भरी प्लास्टिक की टंकियों को भी नष्ट किया गया।
दो घरों में पुलिस ने दी दबिश
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि कच्ची शराब बनाए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने बापूनगर निवासी राहुल बाबू सोनकर और प्रेमशंकर सोनकर के घरों पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर में रखी 11 लीटर कच्ची शराब मिली।
जमीन में गड़ी मिलीं प्लास्टिक की टंकियां
पुलिस ने पूछताछ और जांच के दौरान पाया कि दोनों घरों के पीछे जमीन में प्लास्टिक की टंकियां गाड़कर उनमें महुआ लाहन रखा गया था। पुलिस टीम ने मौके पर कुदाली से जमीन खुदवाई, जिसके बाद टंकियां बरामद हुईं।
पुलिस ने टंकियों को तोड़कर उनमें रखा महुआ लाहन मौके पर ही नष्ट कर दिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।