जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र में पैसों के पुराने लेन-देन को लेकर जीजा और साले के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि जीजा ने अपने साले पर चाकू से हमला कर दिया और वारदात के बाद फरार हो गया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब दुकान के सामने हुआ था विवाद
पनागर पुलिस के अनुसार 21 मई को भड़पुरा शराब दुकान के सामने यशपाल सिंह राजपूत और उसके साले संतोष उर्फ मंगू के बीच पैसों के पुराने लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान यशपाल ने संतोष पर चाकू से कई वार कर दिए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
साथी के साथ मिलकर वारदात का आरोप
आरोपी की तलाश के लिए एएसआई मिथलेश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई गई। टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर यशपाल सिंह राजपूत और सीताराम राय को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि साले द्वारा पैसे वापस नहीं करने को लेकर यशपाल नाराज था और उसने अपने साथी सीताराम के साथ मिलकर हमला किया।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस को दो दिन का रिमांड मिला है। पुलिस मामले में आगे पूछताछ कर रही है।