akhbaar update

आवारा बैल ने व्यक्ति को उठाकर तीन बार पटका, इलाज के दौरान मौत

 


जबलपुर। शहर की सड़कों पर खुलेआम घूम रहे मवेशियों की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। आए दिन इनके कारण हादसे हो रहे हैं और लोग घायल हो रहे हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक मामला हनुमानताल थाना क्षेत्र में सामने आया, जहां खेरमाई मंदिर के गेट नंबर-1 के सामने एक बैल ने व्यक्ति को उठाकर पटक दिया। बैल ने उसे एक-दो नहीं, बल्कि तीन बार उठाकर पटका, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

दूध बेचकर लौटते समय हुआ हादसा

हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल के अनुसार, टेमरभीटा निवासी रवि यादव सुबह करीब 8 बजे खेरमाई मंदिर के गेट नंबर-1 के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान सड़क पर घूम रहे एक बैल ने अचानक उन्हें उठाकर पटक दिया। बैल ने रवि को दो बार और उठाकर पटका, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने रवि को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान रवि ने दम तोड़ दिया।

दूध का कारोबार करते थे रवि

पुलिस के मुताबिक, मृतक के भतीजे आमिर यादव ने बताया कि रवि दूध का कारोबार करते थे। वे दूध बेचकर वापस घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में आवारा बैल ने उन पर हमला कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

आवारा मवेशियों पर उठ रहे सवाल

इस घटना के बाद शहर में खुलेआम घूम रहे मवेशियों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सड़कों और बाजारों में बड़ी संख्या में मवेशियों के घूमने से वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वाले लोगों के लिए भी खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम को आवारा मवेशियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp