जबलपुर। मध्य प्रदेश में 23 सितंबर से एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 24 और 25 सितंबर को बारिश का असर ज्यादा रह सकता है। इन दो दिनों में जबलपुर संभाग सहित पूर्वी मध्य प्रदेश के करीब 17 जिलों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण बारिश का सिस्टम सक्रिय हो रहा है। 23 सितंबर से कुछ जिलों में बारिश शुरू हो सकती है। इसका सबसे ज्यादा असर जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में देखने को मिल सकता है। भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
सामान्य से 6 प्रतिशत कम बारिश
प्रदेश में अब तक 856.8 मिलीमीटर यानी 33.7 इंच बारिश दर्ज की गई है। सामान्य तौर पर इस अवधि तक करीब 922.6 मिलीमीटर यानी 36.3 इंच बारिश होनी चाहिए थी। इस हिसाब से प्रदेश में अभी करीब 2.6 इंच बारिश कम हुई है।
आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में कुल बारिश सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम है। पूर्वी हिस्से में यह कमी करीब 2 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में करीब 10 प्रतिशत है।
जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश सामान्य से करीब 2 प्रतिशत तक कम रही है। वहीं बालाघाट, छिंदवाड़ा, डिंडौरी, दमोह, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, मंडला, रीवा, सागर और सिवनी में सामान्य से 5 से 23 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है।
हालांकि पिछले कुछ दिनों में बारिश के आंकड़ों में सुधार हुआ है। सोमवार को पूर्वी हिस्से में बारिश की कमी करीब 2 प्रतिशत तक रह गई थी।
23 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
प्रदेश के कुछ जिलों में इस बार सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। इनमें अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार सितंबर के आखिरी सप्ताह से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू होने की संभावना रहती है। इससे पहले प्रदेश में बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है।