akhbaar update

जिला पंचायत कार्यालय में महिला अधिकारी से मारपीट, जांच से नाराज कर्मचारी के पति पर केस

 



जबलपुर। जिला पंचायत कार्यालय में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला परियोजना प्रबंधक के साथ उनके कार्यालय में घुसकर मारपीट की गई। आरोप है कि विभागीय जांच से नाराज एक कर्मचारी के पति ने कार्यालय में पहुंचकर महिला अधिकारी से अभद्रता की और उनके साथ थप्पड़ व लातों से मारपीट की। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

कार्यालय में घुसकर महिला अधिकारी पर किया हमला

पुलिस के अनुसार, जिला पंचायत में परियोजना प्रबंधक के पद पर पदस्थ अंजुला झा बुधवार दोपहर अपने कक्ष में शासकीय कार्य कर रही थीं। इसी दौरान करीब 12:15 से 12:30 बजे के बीच सहायक विकासखंड प्रबंधक आरती सोनी के पति योगेश सोनी उनके कार्यालय में पहुंचे।

आरोप है कि योगेश सोनी ने कार्यालय में घुसते ही महिला अधिकारी से अभद्रता शुरू कर दी और देखते ही देखते उनके साथ मारपीट करने लगा। आरोपी ने कुर्सी पर बैठी अंजुला झा को थप्पड़ मारे।

कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर आरोपी को बाहर निकाला

महिला अधिकारी के साथ मारपीट की आवाज सुनकर आसपास मौजूद कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आरोपी को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इसके बावजूद योगेश सोनी ने महिला अधिकारी को लात मार दी। कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आरोपी को काबू में किया और कार्यालय से बाहर निकाला। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

विभागीय जांच को लेकर रंजिश का आरोप

बताया जा रहा है कि परियोजना प्रबंधक अंजुला झा, सहायक विकासखंड प्रबंधक आरती सोनी से जुड़े एक मामले की विभागीय जांच कर रही थीं। इसी को लेकर रंजिश होने की बात सामने आ रही है। आरोप है कि इसी विवाद के चलते आरती सोनी के पति ने कार्यालय में पहुंचकर महिला अधिकारी के साथ मारपीट की।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

थाना प्रभारी जितेंद्र पाटकर ने बताया कि महिला अधिकारी की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी योगेश सोनी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp