जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र के ग्राम दर्शनी के पास रविवार को बाइक और ई-रिक्शा की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय प्रीति कोल की मौत हो गई, जबकि उसके पति और एक बच्चे समेत 9 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पौड़ा निवासी शुभम कोल अपनी पत्नी प्रीति कोल के साथ रक्षाबंधन मनाने सिलौड़ी गए थे। रविवार को दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। उनके साथ शुभम का 11 वर्षीय ममेरा भाई अनुराग भी बाइक पर सवार था।
टक्कर के बाद पलटा ई-रिक्शा
दर्शनी गांव के पास सामने से आ रहे ई-रिक्शा से बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार शुभम, प्रीति और अनुराग सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं, टक्कर के बाद ई-रिक्शा भी अनियंत्रित होकर पलट गया। उसमें सवार सुधा रावत, जानकी रावत, नेहा कोल, सुखवंती बाई कोल, दुर्गा कोल, अभि कोल और राजकुमार कोल घायल हो गए। कुछ लोग ई-रिक्शा के नीचे दब गए।
अस्पताल में महिला को मृत घोषित किया
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और एम्बुलेंस भी पहुंची। सभी घायलों को सिहोरा अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रीति कोल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, शुभम कोल और 11 वर्षीय अनुराग की हालत गंभीर होने पर दोनों को जबलपुर के मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।