akhbaar update

भारी बारिश से रेलवे ट्रैक किनारे मिट्टी का कटाव, मरम्मत के बाद कॉशन ऑर्डर पर चल रहीं ट्रेनें




जबलपुर/सतना। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल अंतर्गत सतना-मानिकपुर रेलखंड पर खुटहा और चितहरा के बीच भारी बारिश के कारण रेलवे ट्रैक के किनारे मिट्टी का कटाव हो गया। सूचना मिलते ही रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू किया।

कटाव को रोकने के लिए बोरियों में मिट्टी भरकर लगाई गई। इसके बाद बीओबीवाईएन मशीन की मदद से गिट्टी डालकर ट्रैक के आसपास के हिस्से को मजबूत किया गया। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद भी इस रेलखंड पर ट्रेनों को फिलहाल सावधानी के निर्देश के साथ धीमी गति से चलाया जा रहा है।

डेढ़ घंटे का लिया गया ब्लॉक

रेलवे ने मरम्मत कार्य के लिए खुटहा-चितहरा के बीच करीब डेढ़ घंटे का ब्लॉक लिया। इस दौरान मशीनों की मदद से ट्रैक किनारे गिट्टी डालकर प्रभावित हिस्से को सुरक्षित किया गया।

बारिश के कारण इस रेलखंड पर पहले से ही विशेष निगरानी रखी जा रही थी। ट्रैक पर पानी भरने और मिट्टी कटाव की आशंका को देखते हुए रेलवे कर्मचारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं।

शनिवार को 24 यात्री ट्रेनें हुई थीं प्रभावित

इससे पहले शनिवार को हुई तेज बारिश के कारण ट्रैक पर पानी भरने और सिग्नल में खराबी की स्थिति बन गई थी। सुबह करीब 9 बजे से 10:30 बजे तक अप और डाउन दोनों दिशाओं में ट्रेनों का संचालन रोकना पड़ा था, जिससे करीब 24 यात्री ट्रेनें प्रभावित हुई थीं।

संवेदनशील रेल मार्गों पर बढ़ाई गई निगरानी

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बारिश के दौरान जलभराव और मिट्टी कटाव जैसी स्थितियों से निपटने के लिए लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। पुल, पुलियों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी खतरे की स्थिति में तुरंत सुधार कार्य किया जा सके।



Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp