जबलपुर। खितौला थाना क्षेत्र में हुई बड़ी नकबजनी का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 31 लाख 65 हजार 200 रुपये कीमत के चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, चोरी के पैसों से खरीदी गई अल्टो और अमेज कार तथा 54 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित कोरी (22), आकाश पटेल (28) और शनि पटेल (18) निवासी ग्राम भरदा पड़रिया, पनागर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 12 जून 2026 को पालीवाल कॉलोनी, सिहोरा निवासी व्यवसायी कमल नारायण सोनी के किराये के मकान में चोरी हुई थी। बदमाश घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और लाखों रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम की मदद ली। इसी बीच सूचना मिली कि तीन युवकों के पास अचानक बड़ी रकम आ गई है और उन्होंने दो कारें खरीद ली हैं। पूछताछ में तीनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी के जेवर, नकदी और चोरी के पैसों से खरीदी गई कारें बरामद कर ली गईं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। अन्य वारदातों में बरामद सामान की कड़ी जोड़ने और पूछताछ के लिए आरोपियों का पुलिस रिमांड लिया जा रहा है।