akhbaar update

सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट के लिए तरस रहे शंकर नगर के रहवासी, आंदोलन की चेतावनी

 




जबलपुर। नगर निगम सीमा के वार्ड 72 के मदर टेरेसा और शंकर नगर क्षेत्र में रहने वाले लोग आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हैं। रहवासियों का कहना है कि इलाके में पक्की सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था ठीक नहीं है। परेशान नागरिकों ने नगर निगम आयुक्त और क्षेत्रीय विधायक को मांग पत्र देकर जल्द समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है।

रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क, नाली और प्रकाश व्यवस्था का काम शुरू नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।



बारिश में सड़क बन जाती है कीचड़

स्थानीय लोगों के मुताबिक क्षेत्र की मुख्य सड़क कच्ची है। बारिश होते ही सड़क पर कीचड़ और पानी भर जाता है। जगह-जगह बड़े गड्ढे और पत्थर होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है।

स्ट्रीट लाइट बंद रहने से रात के समय पूरा रास्ता अंधेरे में डूब जाता है। ऐसे में वाहन चालकों और पैदल चलने वाले लोगों को हादसे का डर बना रहता है।

बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी

रहवासियों का कहना है कि खराब सड़क के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। बारिश के दौरान बच्चे रास्ते में फिसलकर गिर जाते हैं।

वहीं पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं होने से सड़क के आसपास झाड़ियां और गंदगी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन झाड़ियों में सांप और बिच्छू निकलने का खतरा भी बना रहता है।

नागरिकों ने नगर निगम से मांग की है कि सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट का काम जल्द शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को रोजाना की परेशानियों से राहत मिल सके।



Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp