akhbaar update

कुंडम में कपड़ा कारोबारी के सूने घर में दिनदहाड़े चोरी, लाखों के जेवर और नकदी ले गए चोर

 



जबलपुर। कुंडम थाना क्षेत्र में निवास रोड पर एक कपड़ा कारोबारी के सूने घर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली। घटना उस समय हुई, जब कारोबारी और उनकी पत्नी अलग-अलग बाजारों में कपड़े बेचने गए थे। दिनदहाड़े हुई चोरी से इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार, सुग्रीव कुशवाहा निवास रोड, कुंडम में रहते हैं और आसपास के गांवों के बाजारों में दुकान लगाकर कपड़े बेचते हैं। उनकी पत्नी भी कुंडम बाजार में कपड़े की दुकान लगाती हैं।

बीते दिन दोपहर करीब 12 बजे सुग्रीव घर से कारोबार के लिए निकले। कुछ देर बाद उनकी पत्नी भी घर में ताला लगाकर कुंडम बाजार चली गईं। इसी दौरान चोरों ने सूने घर को निशाना बनाया।

चोरों ने घर का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर अलमारी के लॉकर तोड़ दिए। वहां रखे दो जोड़ी सोने के हार, सोने की चेन, तीन जोड़ी झुमकी, एक लौंग, दो अंगूठियां, चांदी का करधन, तीन जोड़ी पायल और नकदी लेकर फरार हो गए।

रात में घर लौटे तो खुला चोरी का राज

रात करीब 10 बजे दंपती घर वापस लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली थी और सोने-चांदी के जेवर व नकदी गायब थी। घर का सामान भी बिखरा हुआ था।

चोरी की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने घटना पर नाराजगी जताई। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।



Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp