akhbaar update

जबलपुर में झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित, नाले उफनाए और सड़कों पर भरा पानी

 



जबलपुर। बंगाल की खाड़ी में बने मानसूनी सिस्टम के असर से जबलपुर में लगातार बारिश का दौर जारी है। सोमवार देर शाम से शुरू हुई बारिश ने मंगलवार को भी शहर को तरबतर रखा। पिछले 24 घंटों के दौरान करीब 2 इंच बारिश दर्ज की गई, जिससे कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।

सुबह हुई तेज बारिश से स्कूल जाने वाले बच्चों और कामकाजी लोगों को परेशानी हुई। वहीं, आगामी त्योहार के कारण खुले कई बाजारों में भी बारिश का असर ग्राहकी पर दिखाई दिया। मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 दिनों तक रुक-रुककर तेज और मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है।

नाले उफनाए, सड़कों पर फैला गंदा पानी

लगातार बारिश के कारण शहर के कई नाले उफना गए। केसरवानी कॉलेज के पास लोहिया पुल का नाला उफनने से आसपास के क्षेत्र में पानी भर गया। जामदार अस्पताल के सामने और गोलबाजार क्षेत्र में नालियों का पानी सड़कों पर बहने लगा।

बलदेवबाग से उखरी मार्ग पर नाले का कचरा और गंदगी सड़क पर आ गई, जिससे करीब 1 से 1.5 फुट तक पानी जमा हो गया। चेरीताल, जानकी नगर और गुजराती कॉलोनी सहित कई इलाकों में कीचड़ और फिसलन के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

सीवर लाइन डालने के लिए खोदी गई कई सड़कें अब तक पूरी तरह ठीक नहीं हो सकी हैं। बारिश के बाद इन जगहों पर दलदल और फिसलन की स्थिति बन गई है।

अगले 24 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी

जिले में अब तक इस मानसून में 589.1 मिमी यानी करीब 22.5 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान जबलपुर, सागर, रीवा, शहडोल और ग्वालियर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

लोगों को बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp