जबलपुर। रेलवे स्टेशन की पार्किंग में लंबे समय से खड़े लावारिस वाहनों को लेकर रेल सुरक्षा बल ने सुरक्षा जांच अभियान चलाया। प्लेटफॉर्म नंबर-6 स्थित वाहन पार्किंग में पांच दोपहिया वाहन लंबे समय से खड़े मिले। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेल सुरक्षा बल की टीम ने डॉग स्क्वॉड के साथ इन वाहनों और आसपास के इलाके की गहन जांच की। जांच के दौरान किसी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
निरीक्षक राजीव खरब और उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार के नेतृत्व में टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर-1 और प्लेटफॉर्म नंबर-6 की पार्किंग में एंटी-सबोटेज जांच की। जांच पूरी होने के बाद स्टेशन परिसर की सुरक्षा व्यवस्था सामान्य और संतोषजनक पाई गई।
प्लेटफॉर्म-6 की पार्किंग में मिले पांच वाहन
प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित पार्किंग की जांच के दौरान कोई लावारिस वाहन नहीं मिला। यह पार्किंग फ्रेश फिश सेंटर एजेंसी के अधीन संचालित है। वहीं प्लेटफॉर्म नंबर-6 की पार्किंग में स्कूटी, हीरो होंडा सीडी डीलक्स और टीवीएस अपाचे सहित पांच दोपहिया वाहन लंबे समय से खड़े मिले।
रेल सुरक्षा बल ने सभी वाहनों की पहचान के लिए उनके पंजीयन नंबर और चेसिस नंबर दर्ज किए। इनमें एमपी20एससी4827, एमपी20एसजी4417, एमपी20एमसी1283 और एमपी20एमवी2063 नंबर के वाहन शामिल हैं। इसके अलावा टीवीएस अपाचे आरटीआर 160 का चेसिस नंबर भी दर्ज किया गया।
ठेकेदार ने नवंबर 2025 से खड़े होने की बात कही
प्लेटफॉर्म नंबर-6 पार्किंग के ठेकेदार फैजल कुरैशी ने रेल सुरक्षा बल को बताया कि उक्त सभी वाहन नवंबर 2025 में उनके द्वारा पार्किंग का ठेका लेने से पहले से ही वहां खड़े हैं। उन्होंने यह भी बताया कि लावारिस वाहनों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित सिविल पुलिस थाने को पहले ही सूचना दी जा चुकी है।
रेल सुरक्षा बल अधिकारियों के अनुसार रेलवे स्टेशन और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए एंटी-सबोटेज जांच आगे भी जारी रहेगी। पार्किंग स्थलों पर लंबे समय से खड़े वाहनों की पहचान कर उनकी जानकारी जुटाई जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।