akhbaar update

अधारताल में दो नकबजनी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; सोने-चांदी के जेवर और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद

 


जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र में हुई दो नकबजनी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव चौधरी (20), सोहेल उर्फ शनि चौधरी (19) और उमेश चौधरी उर्फ गुल्लर (34) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अधारताल थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 787/2026 और 798/2026 में कार्रवाई की है।

पुलिस अधीक्षक जबलपुर संपत उपाध्याय ने जिले के सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और पूर्व में ऐसे मामलों में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर नई वारदातों का पता लगाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल राजेश्वरी कौरव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी

पहली घटना केशर विहार कॉलोनी में हुई थी। पुलिस के अनुसार मृगेन्द्र सिंह बैस ने 1 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका मकान कुछ महीनों से बंद था। 31 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और 42 इंच की एलईडी टीवी, चांदी की गिलास और टाइमेक्स कंपनी की दो घड़ियां चोरी कर लीं।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

दूसरे घर से जेवर और 70 हजार रुपये चोरी

दूसरी वारदात न्यूरामनगर क्षेत्र में हुई। नवीन पटेल 4 अगस्त की रात परिवार के साथ अपने पैतृक गांव जुनवानी बरोदा, पनागर गए थे। अगले दिन सुबह पड़ोसी ने फोन कर मकान का ताला टूटे होने की जानकारी दी।

घर पहुंचने पर मुख्य दरवाजे का कुंदा टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा हुआ था। बेडरूम में रखी अलमारी का लॉकर भी टूटा था। उसमें रखे सोने के टॉप्स की एक जोड़ी, अंगूठी, लौंग, चांदी के सिक्के, पायल, बिछिया की एक जोड़ी और 50 हजार रुपये नकद गायब मिले। इसके अलावा गुल्लक में रखे करीब 20 हजार रुपये भी चोरी हो गए थे।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस ने दोनों घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में मिले हुलिए के आधार पर पूर्व में नकबजनी की घटनाओं में शामिल रहे संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद गौरव चौधरी, सोहेल उर्फ शनि चौधरी और उमेश चौधरी उर्फ गुल्लर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में तीनों ने दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर सोने की 4 लौंग, चांदी की 4 अंगूठियां, एलजी कंपनी की 4 एलईडी टीवी, दो घड़ियां और वारदात में इस्तेमाल कटर, रॉड व पेचकस बरामद किए गए हैं।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने इसके अलावा और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp