akhbaar update

गौरीघाट से कैलाशधाम तक उमड़ा आस्था का सैलाब, 33 किमी की संस्कार कांवड़ यात्रा में जुटे लाखों श्रद्धालु



जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में सोमवार को संस्कार कांवड़ यात्रा को लेकर आस्था का विशाल जनसैलाब देखने को मिला। नर्मदा तट गौरीघाट से खमरिया स्थित कैलाशधाम तक निकाली जा रही 33 किलोमीटर लंबी यह धार्मिक यात्रा अपने 16वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। सुबह करीब 6 बजे शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ लेकर शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार, इस बार यात्रा में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। 

https://www.instagram.com/reel/Db2ghg4sCQh/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==

यात्रा में मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भी शामिल हुए। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दोपहर में जबलपुर पहुंचने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के साथ रांझी के व्हीकल मोड़ से दर्शन चौक तक कांवड़ियों के साथ पैदल यात्रा में शामिल होंगे।

गौरीघाट से शुरू हुई यात्रा

सुबह श्रद्धालुओं ने गौरीघाट पहुंचकर नर्मदा जल लिया और कांवड़ में जल लेकर कैलाशधाम की ओर रवाना हुए। पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। कांवड़िए भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं।

यात्रा के 33 किलोमीटर लंबे मार्ग पर श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। 300 से अधिक सामाजिक संगठनों ने अलग-अलग स्थानों पर स्वागत पंडाल लगाए हैं। यहां कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा के साथ जलपान और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

श्रद्धालुओं के स्वागत में शहरवासियों ने सजाया मार्ग

कांवड़ यात्रा को लेकर शहर में जगह-जगह स्वागत द्वार और पंडाल बनाए गए हैं। स्थानीय नागरिक और सामाजिक संगठन श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हुए हैं। रास्ते में कांवड़ियों के लिए पानी, शरबत और भोजन सहित विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं।

यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने के कारण पूरे मार्ग पर धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है।

सुरक्षा के लिए 24 से अधिक थानों का बल तैनात

यात्रा में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। 24 से अधिक थानों का पुलिस बल यात्रा मार्ग पर तैनात किया गया है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कई स्थानों पर मार्ग परिवर्तन भी किया गया है।

कैलाशधाम में जलाभिषेक को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भी अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है।

स्कूलों में अवकाश, यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर

कांवड़ यात्रा के दौरान शहर में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों में सोमवार को अवकाश घोषित किया है। प्रशासन का उद्देश्य यात्रा के दौरान यातायात संचालन को सुचारू बनाए रखना और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था के बीच संस्कार कांवड़ यात्रा लगातार कैलाशधाम की ओर बढ़ रही है, जहां श्रद्धालु नर्मदा जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp