akhbaar update

जेल से छूटते ही बदला लेने पहुंचा बदमाश, युवक पर चाकू से हमला, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

 



जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र के मुजावर मोहल्ला में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में दो युवक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो साथियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, मुजावर मोहल्ला निवासी पिंटू सुल्तानी उर्फ पिंटू की समीर खान से पुरानी रंजिश थी। बताया जा रहा है कि किसी मामले में जेल जाने से पहले उसने समीर को बाहर आने पर जान से मारने की धमकी दी थी।

जेल से छूटते ही किया हमला

दो दिन पहले जेल से रिहा होने के बाद पिंटू अपने साथियों अजय खान और एक अन्य युवक के साथ समीर की तलाश में जुट गया। देर रात गढ़ा क्षेत्र में समीर अपने दोस्त के साथ घूम रहा था, तभी आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।

बीच-बचाव करने वाले दोस्त पर भी वार

हमले के दौरान समीर का दोस्त बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। दोनों घायलों को तत्काल मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां समीर की हालत गंभीर होने पर उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

गढ़ा पुलिस ने मामले में पिंटू सुल्तानी और उसके दो साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बुधवार सुबह पिंटू को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दोनों फरार साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp