जबलपुर। मध्य प्रदेश शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक सीधे और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे 'मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान' की तैयारियां जबलपुर नगर निगम ने तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने संभाग क्रमांक-15 सुहागी में 7 अगस्त को आयोजित होने वाले शिविर की तैयारियों की समीक्षा की और क्षेत्र का निरीक्षण किया।
शिविर से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
निगमायुक्त ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ वार्डों का भ्रमण कर जनसुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर से पहले पूरे क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराया जाए, पेयजल आपूर्ति सुचारु रखी जाए तथा लोक निर्माण से जुड़े सभी जरूरी मरम्मत कार्य समय पर पूरे किए जाएं।
मौके पर होगा समस्याओं का समाधान
समीक्षा बैठक में निगमायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां नागरिकों से आवेदन लेकर लंबित प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया जाएगा।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में विधायक प्रतिनिधि अरुण सैनी, एमआईसी सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी, पार्षद गार्गी रामकुमार यादव, मथुरा प्रसाद चौधरी, योगेंद्र ऊके, लक्ष्मी लक्ष्मण गोटिया और अंजना मनीष अग्रहरि सहित नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।