जबलपुर। संजीवनीनगर क्षेत्र में एक युवती को उसके सहेली के भाई ने डराकर घर में रखे सोने के जेवर मंगवा लिए। आरोपी ने युवती को धमकी दी थी कि अगर उसने जेवर नहीं दिए तो उसके पिता को मार देगा और मां के चेहरे पर तेजाब फेंक देगा। डर के कारण युवती ने परिवार को बिना बताए घर की अलमारी से जेवर निकालकर आरोपी को दे दिए।
पुलिस के अनुसार देवरी, मझौली निवासी मोहित तिवारी ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 9 अगस्त को परिवार में दादी के निधन के कारण वे गांव गए थे। 18 अगस्त को पत्नी ने घर की अलमारी खोली तो उसमें रखे सोने के जेवर गायब मिले।
परिजनों ने बेटी से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसकी सहेली का भाई अक्षत नामदेव उसे कुछ दिनों से धमका रहा था। युवती के अनुसार 10 अगस्त को अक्षत ने फोन कर कहा कि वह उसके पिता को जानता है और पेट्रोल पंप के पास उन्हें देखता रहता है। इसके बाद उसने घर में रखे सोने के जेवर लाकर देने को कहा।
आरोप है कि अक्षत ने जेवर नहीं देने पर युवती के पिता को मारने और उसकी मां के चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी दी। इससे युवती डर गई और उसने यह बात परिवार से छिपाए रखी।
अगले दिन 11 अगस्त को युवती ने घर की अलमारी से सोने का एक हार, एक जोड़ी झाला, एक जोड़ी टॉप्स, एक जोड़ी झुमकी और दो अंगूठियां निकालकर चौबे किराना के पास अक्षत को दे दिए।
परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद संजीवनीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की भूमिका सहित जेवरों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।