akhbaar update

शादी के एक दिन पहले दहेज में मांगे 10 लाख, बारात लेकर नहीं पहुंचे दूल्हे के परिजन

 



जबलपुर। खमरिया क्षेत्र की एक युवती की शादी भोपाल निवासी सुमित सिंह से तय हुई थी। शादी की तारीख 19 जून तय थी और घर में शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। लेकिन बारात आने से एक दिन पहले दूल्हे के पिता ने 10 लाख रुपये दहेज की मांग कर दी। युवती के परिवार ने रकम देने से मना किया तो तय तारीख पर बारात ही नहीं पहुंची।

पुलिस के अनुसार युवती की पहचान वर्ष 2024 में शादी डॉट कॉम के माध्यम से भोपाल के कटारा हिल्स निवासी सुमित सिंह से हुई थी। दोनों परिवारों की सहमति के बाद 5 अगस्त 2025 को रसल चौक स्थित होटल में दोनों की सगाई हुई थी। इसके बाद शादी की तारीख 19 जून 2026 तय की गई।

शादी से पहले 17 जून को घर में मेहंदी और हल्दी समेत अन्य रस्में भी पूरी हुईं। 18 जून को सुमित के पिता महेंद्र सिंह जबलपुर पहुंचे और युवती के परिवार से बारात के स्वागत और द्वारचार के समय 10 लाख रुपये देने की मांग की।

युवती के परिवार ने इतनी बड़ी रकम देने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद 19 जून को परिवार बारात के आने का इंतजार करता रहा, लेकिन रात करीब 9 बजे तक बारात नहीं पहुंची। दुल्हन बनी युवती ने सुमित की बहन दिव्या से फोन पर बात की तो उसने बारात आने की बात कही, लेकिन इसके बावजूद बारात नहीं आई।

परिजनों ने सुमित और उसके पिता महेंद्र सिंह को कई बार फोन किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। अगले दिन युवती के परिजन भोपाल पहुंचे। आरोप है कि वहां सुमित के परिवार ने दोबारा कहा कि 10 लाख रुपये देने पर ही बारात लेकर आएंगे।

मामले में युवती के परिवार की शिकायत पर खमरिया थाना पुलिस ने सुमित सिंह और उसके पिता महेंद्र सिंह के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 और 4 तथा बीएनएस की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp