जबलपुर/भोपाल। वीवीआईपी और हाई सिक्योरिटी इलाके चार इमली में चोरों ने भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई के सरकारी बंगले को निशाना बना लिया। दिनदहाड़े हुई इस चोरी की वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि विधायक का सरकारी आवास स्पेशल डीजी अजय शर्मा के बंगले के ठीक सामने स्थित है।
विधायक अजय विश्नोई को चार इमली स्थित डी-11/03 सरकारी आवास आवंटित है। बताया जा रहा है कि बदमाश रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे सूने बंगले में दाखिल हुए। चोरों ने कई दरवाजों के ताले तोड़ दिए, जबकि कुछ दरवाजों के ताले नहीं टूटे तो उनके कुंडे ही उखाड़ दिए।
ताले तोड़कर बंगले में घुसे चोर
बदमाशों ने बंगले के अंदर से पानी की टोटियां और अन्य सामान चोरी किया और मौके से फरार हो गए। विधायक अजय विश्नोई महीने में आमतौर पर तीन-चार दिन ही भोपाल स्थित सरकारी आवास पर रहते हैं। बाकी समय बंगला खाली रहता है।
रविवार को जब विधायक अपने सरकारी आवास पहुंचे तो उन्हें कई दरवाजों के ताले टूटे मिले। इसके बाद चोरी की जानकारी सामने आई और उन्होंने विधानसभा को घटना की सूचना दी।
हबीबगंज थाने में मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में हबीबगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही पुलिस चोरों की पहचान करने और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।
हाई सिक्योरिटी इलाके की सुरक्षा पर सवाल
चार इमली भोपाल का प्रमुख वीवीआईपी क्षेत्र है। यहां कई वरिष्ठ नेताओं और अधिकारियों के सरकारी आवास हैं। ऐसे इलाके में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
अब पुलिस के सामने यह पता लगाने की चुनौती है कि हाई सिक्योरिटी क्षेत्र में चोर कैसे दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देने के बाद आसानी से फरार कैसे हो गए। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।