जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडलों में यात्री यातायात से होने वाली आय और यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 के जुलाई माह में पश्चिम मध्य रेलवे ने यात्री यातायात से 238 करोड़ 21 लाख रुपये का ऑरिजिनेटिंग राजस्व अर्जित किया।
इस बार भोपाल मंडल ने जबलपुर मंडल को पीछे छोड़ते हुए सबसे अधिक यात्री राजस्व अर्जित किया, जबकि कोटा मंडल तीसरे स्थान पर रहा।
जुलाई में आरक्षित टिकटों से 168 करोड़ 44 लाख रुपये और अनारक्षित टिकटों से 69 करोड़ 78 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। पिछले साल जुलाई में यह आय 209 करोड़ 58 लाख रुपये थी। इस तरह यात्री राजस्व में 13.66 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
1 करोड़ से ज्यादा यात्रियों ने किया सफर
जुलाई में पश्चिम मध्य रेलवे से कुल 101 लाख 49 हजार यात्रियों ने यात्रा की। इनमें 27 लाख 31 हजार आरक्षित और 74 लाख 18 हजार अनारक्षित यात्री शामिल रहे। यात्रियों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में 9.19 प्रतिशत अधिक रही।
📊 मंडलवार यात्री राजस्व
भोपाल मंडल: ₹97 करोड़ 42 लाख
जबलपुर मंडल: ₹89 करोड़ 50 लाख
कोटा मंडल: ₹51 करोड़ 29 लाख
📈 अप्रैल से जुलाई तक 923 करोड़ से ज्यादा की आय
वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से जुलाई तक पश्चिम मध्य रेलवे ने यात्री यातायात से 923 करोड़ 94 लाख रुपये का ऑरिजिनेटिंग राजस्व अर्जित किया है। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 843 करोड़ 35 लाख रुपये था। यानी इस अवधि में 9.56 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
अप्रैल से जुलाई के बीच कुल 408 लाख 16 हजार यात्रियों ने यात्रा की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 4.63 प्रतिशत अधिक है।