जबलपुर। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 के पास मंगलवार सुबह डीआरएम के विशेष कोच में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग तेज हो गई और कोच से धुआं उठने लगा। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि प्लेटफॉर्म नंबर-6 के पास बनी साइडिंग में रेलवे अधिकारियों के विशेष कोच खड़े रहते हैं। इन्हीं कोच में डीआरएम का विशेष कोच भी खड़ा था। सुबह अचानक इसी कोच में आग लग गई। आग धीरे-धीरे बढ़ती गई और कुछ ही देर में कोच के अंदर से तेज लपटें दिखाई देने लगीं।
रेल कर्मचारियों ने बुझाने का किया प्रयास
आग लगने की जानकारी मिलते ही रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद नगर निगम के दमकल विभाग को सूचना दी गई।
फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आसपास खड़े अन्य रेलवे कोचों तक आग फैलने से बच गई।
कोच का अंदरूनी हिस्सा जलने की आशंका
रेलवे अधिकारियों के अनुसार आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। विशेष कोच में अधिकारियों के ठहरने और यात्रा के लिए कई सुविधाएं मौजूद रहती हैं। इसमें रसोई सहित अन्य जरूरी सामान और सुविधाएं भी होती हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग से कोच के अंदर का सामान और सजावटी हिस्सा जलने की खबर है। नुकसान का वास्तविक आकलन जांच के बाद ही सामने आएगा। रेलवे प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।