akhbaar update

सिवनी-जबलपुर हाईवे पर चलते कंटेनर में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान




जबलपुर। सिवनी से जबलपुर की ओर आ रहे एक कंटेनर में रविवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बंजारी घाटी के पास अचानक आग लग गई। घटना सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। आग लगते ही चालक ने समझदारी दिखाते हुए कंटेनर को सड़क किनारे रोका और तुरंत नीचे कूदकर अपनी जान बचाई।

कुछ ही देर में आग ने पूरे कंटेनर को अपनी चपेट में ले लिया। वाहन से उठता काला धुआं दूर तक दिखाई देने लगा। हाईवे पर चल रहे दूसरे वाहन चालकों और यात्रियों में भी अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने मौके से दूरी बना ली।

जलते कंटेनर में हुए जोरदार धमाके

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग के बीच कंटेनर से दो जोरदार धमाकों जैसी आवाजें सुनाई दीं। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग भी घबरा गए और सुरक्षित स्थान की ओर चले गए।

गनीमत रही कि जिस समय कंटेनर में आग लगी, उसके आसपास कोई दूसरा वाहन नहीं था। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया। आग देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे हाईवे की एक लेन बंद हो गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई।

दमकल ने बुझाई आग

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद क्षतिग्रस्त कंटेनर को सड़क से हटाने का काम शुरू किया गया।

आग लगने से कंटेनर को काफी नुकसान हुआ है। शुरुआती जानकारी में आग का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के वास्तविक कारण का पता लगाया जा रहा है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp